नगर परिषद की कार्रवाई से मुख्य मार्ग हुआ साफ, यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद
खिलचीपुर। नगर परिषद द्वारा शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए सोमवार को तहसील चौराहे पर बड़ी कार्रवाई की गई। परिषद की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और सड़क किनारे लगाए गए टीन शेड, ठेले तथा अन्य अस्थायी दुकानों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया।
तहसील चौराहे पर लंबे समय से सड़क किनारे किए गए कब्जों के कारण यातायात बाधित हो रहा था और आम लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। नगर परिषद को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाए जाने के बाद सड़क का बड़ा हिस्सा खाली हो गया और आवागमन सुचारु होने लगा।
कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी एकत्रित हो गई, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई। नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि शहर में सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।
