सोमवारिया छोटी पुलिया पर पाटिया लगाने के दौरान हुआ हादसा, करीब एक घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
खिलचीपुर। ढोल ग्यारस पर्व की तैयारियों के बीच मंगलवार को सोमवारिया छोटी पुलिया के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। नाले में पाटिया लगाने के दौरान एक युवक तेज पानी के बहाव में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करीब एक घंटे तक युवक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार ढोल ग्यारस पर्व को लेकर सोमवारिया छोटी पुलिया के समीप नाले में पाटिया लगाने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान बिरम मोंगिया नामक युवक नाले के तेज बहाव में फंस गया। पानी का बहाव अधिक होने के कारण वह काफी प्रयास के बाद भी बाहर नहीं निकल सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। युवक को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद से नाले में लगाए गए पाटिए हटाए गए। बचाव दल ने काफी देर तक युवक को तलाशने और बाहर निकालने का प्रयास किया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तेज बहाव के साथ युवक को बाहर निकाला जा सका। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना फैलते ही सोमवारिया छोटी पुलिया के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मौके पर एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी, नायब तहसीलदार सहित प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में रेस्क्यू कार्य पूरा कराया गया।
हादसे के बाद पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है। ढोल ग्यारस जैसे पर्व से ठीक पहले हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।









