कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को वन विभाग की टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। समीक्षा के दौरान वन्यप्राणी अपराध में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एवं वन विभाग द्वारा संयुक्त कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही अवैध कटाई, अवैध अतिक्रमण एवं अवैध उत्खनन से संबंधी प्रकरणों में अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त गश्ती की त्वरित कार्यवाही करने पुलिस, वन एवं राजस्व विभाग को निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा एवं वनमंडलाधिकारी श्री बेनीप्रसाद दोतानिया ने भाग लिया।
बैठक मेंकलेक्टर ने वनमंडल के 26 वनखण्डों की धारा 5 से 19 तक की वन व्यवस्थापन कार्यवाही किये जाने हेतु वन/राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की संयुक्त कार्यशाला आयोजित करने को कहा। इस दौरान वनमंडल के अधिसूचित वनखण्डों की अधिसूचना को राजस्व विभाग के रिकार्ड में इंद्राज करने की कार्यवाही के संबंध में अवगत कराया गया।
समीक्षा के दौरान सांरगपुर तहसील अंतर्गत वन विभाग की भूमि नहीं होने के कारण शहरी/ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों का निराकरण एवं वन्यप्राणियों के रेस्क्यू किये जाने हेतु वन विभाग द्वारा मांग अनुसार भवन निर्माण हेतु शासकीय जमीन प्रदाय करने के लिए वनमंडलाधिकारी को कहा गया। वन अधिकार अधिनियम 2006 अंतर्गत व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र धारकों को प्रधानमंत्री / मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि एवं किसान केडिट कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ दिए जाने के भी बैठक में निर्देश दिए। परिक्षेत्र राजगढ़ अंतर्गत 83 वन अधिकार पत्र धारकों में से 05 वन अधिकार पत्र धारक मृतक हैं तथा तहसील खिलचीपुर में 64 वन अधिकार पत्र धारकों में से 07 वन अधिकार पत्र धारक मृतक हैं। उपरोक्त मृतक वन अधिकार पत्र धारक का नामांतरण नही होने से इनके वैध वारसानों को प्रधानमंत्री / मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि एवं किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ दिलवाने हेतु फौती नामांतरण की कार्यवाही तत्काल करने हेतु कलेक्टर द्वारा वनमंडलाधिकारी को निर्देशित किया गया।









