
भोपाल. बीजेपी का सदस्यता अभियान मध्य प्रदेश में यह कल यानी 3 सितंबर से शुरू होगा. आज बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिल्ली में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराएंगे. वहीं, प्रदेश में पार्टी अध्यक्ष वीडी शर्मा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सदस्यता दिलाएंगे. मध्य प्रदेश बीजेपी का लक्ष्य इस साल डेढ़ करोड़ लोगों को सदस्यता दिलाना है. इसके लिए पार्टी हर बूथ पर अभियान चला रही है. पार्टी का लक्ष्य हर बूथ पर 200 से ज्यादा नए लोगों को सदस्य बनाना है. इसके लिए बीजेपी ने पहले ही प्रदेश के हर बूथ पर संगठन पर्व कार्यशाला आयोजित की थी. पार्टी ने सभी से योजना साझा की.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि आज से पार्टी का संगठन पर्व शुरू हो रहा है. राष्ट्रीय अध्यक्ष आज शाम 5 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदस्यता दिलाएंगे. पूरे देश में लाखों लोग बीजेपी के सदस्य बनेंगे. हमारा सदस्यता अभियान आज से ही शुरू होगा. लोग मोबाइल नंबर 880 00242 पर मिस्ड कॉल देकर सदस्य बनेंगे. कई लोग क्यूआर कोड के माध्यम से भी सदस्यता लेंगे. जहां-जहां नेटवर्क नहीं है वहां-वहां प्रत्यक्ष फॉर्म-ए के माध्यम से लोगों को सदस्यता दी जाएगी. शाम 5 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय में भी बड़ा जश्न होगा. इसके बाद कल दोपहर 2 बजे मैं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव को सदस्यता दिलाऊंगा. सभी मंत्री भी सदस्यता ग्रहण करेंगे.
सदस्यता के लिए यह है बीजेपी का प्लान
बीजेपी एक मिस्ड कॉल नंबर 8800002024 जारी किया है. इस पर कॉल करके लोग सदस्य बन सकेंगे. इसके साथ-साथ क्यूआर कोड और नमो एप के जरिये भी सदस्यता अभियान चलाया जाएगा. लोग मैनुअली फॉर्म भरकर भी बीजेपी की सदस्यता ले सकते हैं. नमो ऐप पर सक्रिय सदस्यता के लिए 100 रुपये लिए जाएंगे. बीजेपी सदस्य बनाने के साथ ही उनको ऑनलाइन कार्ड भी देगी.
डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य
मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कुछ दिनों पहले कहा था कि सदस्यता अभियान में प्रदेश में पिछली बार 96 लाख सदस्य बनाए थे. इस बार प्रदेश में हमने डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का संकल्प लिया है. इस बार पूरे देश में 18 करोड़ सदस्य बनाकर बीजेपी रिकॉर्ड दर्ज करेगी. जनप्रतिनिधि, विधायक, सांसद और मंत्रियों को इसके लिए टारगेट दिया गया है. यह लक्ष्य व्यक्तिगत होगा. बीजेपी के नेता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे. नेता खिलाड़ी, सेलिब्रिटी जैसे चर्चित नाम को जोड़ कर सोशल मीडिया में सेल्फी डालेंगे.









