Viveknewsmp Rajgarh | प्रधान संपादक
राजगढ़ | जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अजित कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि ऑयल कंपनियों से प्राप्त ताज़ा आंकड़ों के अनुसार जिले के सभी 155 पेट्रोल पंपों पर वर्तमान में लगभग 7.75 लाख लीटर पेट्रोल एवं 12.46 लाख लीटर डीजल का स्टॉक मौजूद है। इससे आम नागरिकों की जरूरतों की पूर्ति बिना किसी बाधा के की जा रही है।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें, बल्कि केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी को ही सही मानें।
इसके साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें और खुले बॉटल या केन में पेट्रोल-डीजल का विक्रय न करें।
प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।








